उत्तराखंड में महिलाएं संगठित होकर विभिन्न क्षेत्रों में व्यवसाय कर रही हैं, जिससे न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी नया बाजार मिल रहा है। स्टार्टअप, आत्मनिर्भरता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्य सेवक सदन में बिजनेस उत्तरायणी संस्था की ओर से मंथन-2025: 5वां नेशनल लीडर्स समिट (वुमेन्स स्पेशल) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समिट महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और प्रदेश को भी आगे बढ़ाया है। महिलाएं आज राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि “नारी तू नारायणी” के मंत्र के साथ केंद्र सरकार मातृशक्ति के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, लखपति दीदी योजना जैसी पहलें लागू की गई हैं और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त किया गया है। इसके परिणामस्वरूप नए भारत की नारीशक्ति हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही है।
सीएम धामी ने कहा कि महिलाएं आज उद्योग, कला, शिक्षा, विज्ञान, खेल, अनुसंधान और सेना जैसे विविध क्षेत्रों में पहचान बना रही हैं। राज्य सरकार भी मातृशक्ति के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है और शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता एवं स्वरोजगार के क्षेत्रों में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को एक ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य में 15 हजार से अधिक महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को इन्क्यूबेशन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ नाम से एक अम्ब्रेला ब्रांड की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और इन-हाउस स्टोर्स के जरिए देशभर तक पहुंचाया जा रहा है।


