उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को प्रदेश में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। हरिद्वार और रुड़की में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि देहरादून में पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।
पहाड़ों में भी अब तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा है। टिहरी और मुक्तेश्वर जैसे ठंडे क्षेत्रों में भी लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है। बढ़ती तपिश के चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा नजर आया।
भीषण गर्मी की आशंका को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए अस्पतालों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


