उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम में बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है, जिससे ठंड में और इजाफा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को प्रदेश के नौ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं।
वहीं, 3200 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं।
इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाने की भी संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इससे पहले शनिवार को मैदानी इलाकों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच पहाड़ों में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की संभावना है।



