उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के अलावा हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की जा रही है।
वहीं चकराता क्षेत्र के लोखंडी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका चांदी की तरह चमक उठा। बर्फ से ढकी पहाड़ियों ने नजारे को बेहद खूबसूरत बना दिया है। इस नजारे का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी लोखंडी पहुंच रहे हैं और बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद बारिश और बर्फबारी की शुरुआत हुई है। बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों के लिए कुदरत की यह मेहरबानी किसी तोहफे से कम नहीं है। सैलानी न केवल बर्फ के बीच मौज-मस्ती कर रहे हैं, बल्कि प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य को भी नजदीक से निहार रहे हैं।
लंबे समय से मौसम की बेरुखी के कारण सबसे अधिक परेशानी किसानों और होटल कारोबारियों को झेलनी पड़ रही थी। वसंत पंचमी की सुबह हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ने करवट ली और चकराता की ऊंची पहाड़ियों पर जैसे ही आसमान से बर्फ के फाहे गिरे, सैलानी खुशी से झूम उठे। बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं।


