उत्तराखंड में मानसून के तेज होने के साथ ही मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद नैनीताल जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून ने 2 और 3 जुलाई 2026 को जिले के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हर समय तैयार रहेंगे।
भारी बारिश के चलते भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें और गैंग कर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मार्ग बंद होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन (IRS) से जुड़े नामित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन लगातार चालू रखने तथा हर घंटे आपदा से संबंधित जानकारी तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।


