उत्तराखंड के नैनीताल में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां पांच दिन से लापता 33 वर्षीय युवक दीपक उपाध्याय का शव भवाली रोड स्थित ‘टूटा पहाड़’ की गहरी खाई से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
दीपक उपाध्याय मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद के दूभड़ा सैनारी गांव का रहने वाला था और भुजियाघाट के एक होटल में काम करता था। 22 अप्रैल की रात वह अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। बताया जा रहा है कि उसी रात करीब 9 बजे वह तल्लीताल रोडवेज स्टेशन के पास अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने अगले ही दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया। कई दिनों की मशक्कत के बाद सोमवार को उसका शव टूटा पहाड़ की खाई से मिला। घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन और जूते भी बरामद हुए हैं, जबकि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। वहीं परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है।
परिजनों का कहना है कि दीपक के साथ आए तीनों दोस्तों पर उन्हें शक है और किसी विवाद के बाद उसे जानबूझकर खाई में धक्का दिया गया हो सकता है। घटना वाली रात सभी ने साथ में पार्टी की थी और शराब का सेवन भी किया गया था, जिससे विवाद की आशंका और मजबूत हो रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मनोज नयाल के अनुसार, मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।


