उत्तराखंड में किराये के मकान में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कथित रैकेट का सरगना भी शामिल है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को भी रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया।
मामला राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र के हरभजवाला का है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक किराये के मकान में छापा मारा। मौके पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने 18 हजार रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर कथित तौर पर देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, रैकेट का कथित सरगना दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग के अनुसार देहरादून बुलाता था। ग्राहकों से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया जाता था और महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं।
ग्राहक की पसंद के बाद महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक की ओर से बताए गए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई नाबालिग को आरोपी का एक साथी दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि यहां उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया था। पुलिस ने नाबालिग को मुक्त कराकर संरक्षण में लिया है।
मामले में पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कथित रैकेट के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क के बारे में भी जांच कर रही है।


