उत्तराखंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर उस समय बखेड़ा खड़ा हो गया, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी सतर्कता के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि महिला के बेटे के खिलाफ दिनेशपुर थाने में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में महिला के बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।
आरोप है कि बेटे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, महिला मोबाइल टावर पर चढ़कर पुलिस और शिकायतकर्ता पक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी।
घटना 22 नवंबर 2026 की है। महिला की पहचान जगतपुरी, दिनेशपुर निवासी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली बताई गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी के मुताबिक, दिनेशपुर थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है। इसी मामले में महिला के बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवागमन सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही नाबालिग पीड़ित की पहचान और गोपनीयता बनाए रखने की बात कही गई है।



