धारी/भीमताल। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से धारी क्षेत्र में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि प्राप्त 148 शिकायतों में से 107 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। आयुर्वेद विभाग ने 80 और होम्योपैथी विभाग ने 44 लोगों को औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 8 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की।
कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक तकनीकों, कृषि टूलकिट योजना और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर फेंसिंग की मांग रखी, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने प्रत्येक विकासखंड में प्रथम चरण में पांच गांवों का चयन कर सुरक्षा उपायों को लागू करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को गांव स्तर पर सक्रिय होकर किसानों को कृषि, उद्यान और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बकरी पालन, गोट वैली, जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने वाली योजनाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
शिविर में ओलावृष्टि से फसल क्षति, आवारा गोवंश, जंगली जानवरों से नुकसान, राशन कार्ड और सड़क जैसी समस्याएं भी सामने आईं। संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 17 सड़कों का निर्माण कार्य बरसात के बाद शुरू कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख धारी भावना आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


