हल्द्वानी में बीती रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। गौलापार क्षेत्र में हाईवे नंबर 109 पर कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रिछा क्षेत्र के रहने वाले पांच युवक नए साल की छुट्टियों में नैनीताल घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। जब उनकी कार खेड़ा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही गौलापार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान रिजवान, निवासी रिछा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अन्य चार घायल भी उसी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।


