हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा के बाद भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। भाजपा ने आरोप लगाया कि जनसभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हंगामा किया और पुलिस अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। पार्टी ने मामले में दोषी नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के कारण पार्टी नेता बौखला गए और अपनी राजनीतिक विफलता छिपाने के लिए प्रशासन पर वाहनों को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और एसएसपी कार्यालय में पहुंचकर हंगामा किया। बिष्ट ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और सरकारी अधिकारियों की गरिमा का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को पहले ही अपनी जनसभा में कम भीड़ जुटने का अंदेशा था, इसलिए जानबूझकर छोटा मैदान चुना गया। जनसभा में मैदान नहीं भरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने सरकारी कार्यालय में हंगामा कर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी।
पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने कांग्रेस की जनसभा के दौरान कथित तौर पर लगाए गए सनातन विरोधी नारों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के प्राचीन रामलीला मैदान में इस तरह के नारे लगाया जाना बेहद निंदनीय है। वहीं उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने आरोप लगाया कि सावन के पवित्र माह में कांग्रेस के मंच से मां गंगा का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि सनातन समाज इसे स्वीकार नहीं करेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सरकारी मर्यादाओं का उल्लंघन करने, पुलिस अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास के लिए जिम्मेदार कांग्रेस नेताओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने वालों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली और विनीत अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


