उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा के बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में उनका फूल-मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित ‘दीदी कैफे’ का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पारदर्शिता और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन कदमों से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए जनता से सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। मत्स्य विभाग ने दो लाभार्थियों को ओर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की, जबकि कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए लाखों रुपये का अनुदान दिया। इसके अलावा किसानों को उर्वरक वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण वितरण, स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना तथा सहकारिता विभाग की शून्य ब्याज ऋण योजना के तहत लाभ प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


