उत्तराखंड में आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत मौसम विभाग की ओर से 26 सितंबर को नैनीताल जिले में रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते नदी, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


