उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 9 अगस्त से 11 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। अगले तीन दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 9 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
10 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दिन देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं 11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य स्थानों पर भी बारिश और खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे सड़कें, राजमार्ग और पुल बाधित या क्षतिग्रस्त हो सकते हैं।
वहीं, लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को नदियों और बरसाती नालों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की भी अपील की गई है।


