उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सरकार के निर्देशानुसार बुधवार को प्रदेशभर के शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ कई सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती ने आदेश जारी करते हुए सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को राजकीय शोक के दौरान शिक्षण संस्थान बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी आदेश के मुताबिक शोक अवधि के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के सरकारी सांस्कृतिक और औपचारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
मेजर जनरल बी.सी. खंडूरी के निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर फैल गई है। राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें ईमानदार, अनुशासित और दूरदर्शी नेता बताया। प्रदेश के विकास और सुशासन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।



