उत्तराखंड में विधायक और पूर्व विधायक के बीच चल रहे सियासी संघर्ष के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने घटनाक्रम को दुखद बताते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश में माहौल बिगाड़ने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधि का आचरण आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए, और समर्थकों को भी संयमित रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया और कहा कि मुख्यमंत्री की सतर्कता और निष्पक्ष कार्रवाई से स्थिति पर नियंत्रण रखा गया है।
भट्ट ने आगे कहा कि राजनीतिक रस्साकसी के चलते माहौल बिगाड़ना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। इस तरह के घटनाक्रम राज्य की राजनीतिक परंपरा और प्रक्रिया के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस तरह की गतिविधियों की कड़ी निंदा करती है और राजनीति में सुचिता, सिद्धांत और विचारों को प्राथमिकता देती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि धामी सरकार के तहत कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी। भाजपा की सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है और जनसुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है, भाजपा सरकार देवभूमि की शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने नहीं देगी।