उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने और गहरे संबंध हैं। नेपाल में आई इस आपदा ने दोनों देशों को एक-दूसरे के और करीब लाने का काम किया है। वहां से सामने आई घटनाओं और तस्वीरों ने सभी को भावुक किया है। इस कठिन समय में भारत समेत पूरा उत्तराखंड नेपाल के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्काल नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव दल भेजने के साथ नेपाल को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सीमा नेपाल से लगी हुई है और राज्य के कई लोगों के नेपाल में पारिवारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने भी नेपाल की मदद के लिए एक टीम भेजी है।
सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड से भेजी गई टीम करीब आठ से दस दिन तक नेपाल में रहकर राहत एवं सहायता कार्यों में सहयोग करेगी। टीम के साथ तत्काल राहत के लिए पर्याप्त धनराशि भी भेजी गई है। टीम नेपाल में हालात का जायजा लेकर वापस लौटेगी और अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
उन्होंने कहा कि टीम की रिपोर्ट और वहां की वास्तविक स्थिति के आधार पर नेपाल को आगे भी जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है।


