हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में वीकेंड और NEET परीक्षा को देखते हुए 20 व 21 जून 2026 के लिए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के संचालन पर सख्ती रहेगी और कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
जारी निर्देशों के अनुसार, दोनों दिनों में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान प्रभावी रहेगा, जबकि भारी वाहनों का आवागमन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले सभी भारी वाहनों को जनपद सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। जिले के भीतर प्रवेश करने वाले वाहनों को नंबर 1 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी, अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के पास निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया जाएगा।
इसी तरह मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय मार्ग की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार क्षेत्र, पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर, खेड़ा चौकी और लामाचौड़ के पास रोका जाएगा।
पर्यटक वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बरेली रोड से आने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाएंगे।
रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहन पंतनगर तिराहा, दिनेशपुर मोड़, एनएच-109, लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर से होकर गोलापार व नारीमन तिराहा मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।
रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहन कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से मंगोली मार्ग होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इसके अलावा 20 और 21 जून को आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, सब्जी और ईंधन वाहनों का संचालन भी दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों को नंबर 1 बैंड और रूसी बाईपास-2 से डायवर्ट कर रूसी बाईपास-1 व मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि परीक्षा और वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


