उत्तराखंड में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बहन की आईडी का इस्तेमाल कर एक युवक रुद्रपुर निवासी युवती को आवास विकास स्थित होटल में ले गया। इसकी भनक लगते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। कमरे में युवक को युवती के साथ देखकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।
मामला रुद्रपुर के आवास विकास क्षेत्र स्थित होटल का है। बताया जा रहा है कि गदरपुर के गदरपुरा निवासी मोहम्मद साकिब का रुद्रपुर निवासी युवती से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार शाम वह युवती को आवास विकास स्थित होटल क्राउन टाउन ले गया। होटल में कमरा लेने के लिए उसने कथित तौर पर अपनी बहन की आईडी का इस्तेमाल किया।
हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली तो वे होटल पहुंच गए। युवक और युवती को कमरे में साथ देखकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और युवक के साथ मारपीट भी की। इसके बाद दोनों को आवास विकास चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध होने की बात बताई। वहीं, युवती के स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


