भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों के लिए मौसम का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, केरल, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ओडिशा के पुरी जिले में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी। दिन के पहले हिस्से में तापमान जहां 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं बारिश के बाद रात में यह 33 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
आईएमडी के अनुसार, शनिवार को भी दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे। शाम होते-होते गंभीर बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) ने मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी या रद्द होने की संभावना जताई गई है। हवाई यातायात को सुचारू रखने के लिए एयर ट्रैफिक फ्लो मैनेजमेंट उपाय लागू कर दिए गए हैं।