उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया है। हरिद्वार में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम धामी ने कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है और पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करना बेहद गंभीर अपराध है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में गड़बड़ी और चोरी के आरोप सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जांच कमेटी गठित की थी। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।
सीएम धामी बुधवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने पहुंचे थे। तेज बारिश के बीच उनका हेलीकॉप्टर गुरुकुल हैलीपैड पर उतरा, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
रामकथा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में श्रीराम कथा का आयोजन सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक कथाओं से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।
मुख्यमंत्री ने आगामी हरिद्वार कुंभ की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ को भव्य और सफल बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने मानसून सीजन की तैयारियों को लेकर कहा कि सरकार ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। संवेदनशील जिलों में अलर्ट जारी रहेगा और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए विभागों को तैयार रखा गया है।


