उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ धाम में शुक्रवार तड़के उस समय हादसा हो गया, जब प्रसिद्ध तप्त कुंड में स्नान कर रहीं राजस्थान की दो बुजुर्ग महिला तीर्थ यात्रियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों महिलाएं कुंड में स्नान के दौरान बेहोश हो गईं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (63) पत्नी मदन और रामू देवी (71) पत्नी अमर, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों महिलाएं शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान लगातार डुबकी लगाने के बाद दोनों कुंड के भीतर ही बेहोश हो गईं।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों महिलाओं को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद बदरीनाथ धाम में मौजूद तीर्थ यात्रियों में शोक की लहर है।


