उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इस बीच नैनीताल जिले में एक और दर्दनाक हादसा हुआ है। कालाढूंगी के बेलपड़ाव में शुक्रवार रात कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:31 बजे डायल 112 पर बेलपड़ाव में आईआरबी से कुछ पहले कार और बाइक की भिड़ंत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौकी और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। डियर डोना रिजॉर्ट से करीब 100 मीटर पहले सड़क किनारे कार संख्या T 06264 UK 0600 C और डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या UK04H 5498 क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिलीं। बाइक सवार दोनों युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल थे और उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान कोटाबाग के गिनतीगांव निवासी गौरव बजवाल पुत्र पुष्कर बजवाल और दर्शन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रामनगर पहुंचाया।
हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं मिला। चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।



