लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलंबिया में केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भारत के लोकतंत्र पर भारी संकट मंडरा रहा है, जो देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। राहुल गांधी ने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हर दिशा से हमले होने की बात कही और इसे लेकर चिंता जताई।
कोलंबिया की एक विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, “भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। लोकतंत्र सभी के लिए समान जगह प्रदान करता है, लेकिन आज लोकतंत्र पर व्यापक हमला हो रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है और वे देश के भविष्य को लेकर आशावादी हैं, लेकिन कुछ गंभीर चुनौतियां और जोखिम भी हैं, जिनसे पार पाना जरूरी है। उनका कहना था कि लोकतंत्र पर हो रहे हमले सबसे बड़ा खतरा हैं।
राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि विभिन्न परंपराओं, धर्मों और विचारों को एक साथ जोड़े रखने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था सबसे बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा, “वर्तमान में भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।” उन्होंने देश में एकता के लिए विभिन्न भाषाओं और धर्मों को सम्मान देने की जरूरत भी जताई। राहुल ने कहा, “भारत वह तरीका नहीं अपना सकता जो चीन अपनाता है, जहां लोगों को दबाया जाता है और एक सत्तावादी शासन चलता है।”
राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि राहुल गांधी एक बार फिर ‘प्रोपेगेंडा लीडर’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं और ऐसा लग रहा है कि वे देश के खिलाफ काम करना चाहते हैं। शहजाद पूनावाला ने कहा, “राहुल गांधी वही करते हैं जो वे अमेरिका और ब्रिटेन से हमारे मामलों में हस्तक्षेप की मांग करते थे, लेकिन अब खुद विदेश जाकर भारत की छवि खराब करने में लगे हैं।”