उत्तराखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में धुत एक युवती ने देर रात पर्यटन स्थल पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवती ने न केवल अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी बहस और दुर्व्यवहार किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल यह पूरा मामला पहाड़ों की रानी मसूरी का है। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार देर रात करीब तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि दो युवक और दो युवतियां मसूरी के मॉल रोड पर घूम रहे थे। इसी दौरान एक युवती ने कथित तौर पर काफी अधिक शराब का सेवन कर लिया, जिससे वह अपना आपा खो बैठी और अपने साथ मौजूद युवकों के नियंत्रण से बाहर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर युवकों ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को लाइब्रेरी पुलिस चौकी ले गई। आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद भी युवती का हंगामा जारी रहा। उसने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और वहां मौजूद लोगों के सामने काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कई लोग पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने, अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने और पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने के बावजूद युवती के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पुलिस का कहना है कि काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती शांत हो गई, जिसके बाद उसे सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया।
मामले पर मसूरी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया, “देर रात दो युवक और दो युवतियां मॉल रोड पर मौजूद थे। उनमें से एक युवती ने अधिक शराब पी रखी थी और वह युवकों के नियंत्रण में नहीं थी। युवकों ने ही पुलिस से सहायता मांगी थी। पुलिस युवती को चौकी लेकर आई, उसे काफी देर तक समझाया गया और स्थिति सामान्य होने पर उसे सुरक्षित घर भेज दिया गया।”


