पति से अफेयर के शक में एक महिला आपा खो बैठी और उसने खौफनाक कांड कर दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना मध्य प्रदेश के जबलपुर में सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने पति की कर्मचारी को चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के पीछे कारण बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को शक था कि उसके पति का अफेयर उसकी कर्मचारी के साथ चल रहा था। पुलिस ने आरोपी महिला शिखा मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिखा मिश्रा का शक था कि 33 वर्षीय अनिका मिश्रा, जो कि उसके पति ब्रजेश मिश्रा की निर्माण कंपनी में काम करती थी, के साथ उसका अफेयर चल रहा है। बुधवार को आरोपी ने अनिका को प्रोफेसर कॉलोनी में सोनम रजक के घर बुलाया, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर शिखा ने अनिका पर चाकू से हमला कर दिया। जब सोनम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसे भी चाकू से घायल कर दिया।
इस हमले में अनिका की मौत हो गई, जबकि सोनम गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी शिखा घटना के बाद फरार हो गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे गुरुवार को सतना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि शिखा के पति और अनिका के बीच अफेयर के शक को लेकर पहले भी उनके घर में झगड़ा हो चुका था, जिसके बाद शिखा ने बदला लेने की योजना बनाई और इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मृतका अनिका का शव परिजनों को सौंप दिया और सोनम का इलाज जारी है।