हैरान कर देने वाले मामले में शादी से ठीक पहले दुल्हन का निजी वीडियो उसके होने वाले दूल्हे तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद दूल्हे पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया, जिससे दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाली युवती की शादी टूट गई। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का है, जहां पीड़िता और उसका पिता दिल्ली में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। युवती की मां का कई साल पहले निधन हो चुका है। दिल्ली में जिस मकान में युवती रहती थी, वहीं गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर का मन्नन शर्मा भी किराए पर रहता था। आरोप है कि उसने युवती को शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया और उसकी निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ली।
जब पीड़िता और उसके पिता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी फरार हो गया। इसके बाद परिवार ने युवती की शादी गोंडा जिले के एक युवक से तय कर दी थी।
बारात दिसंबर के पहले सप्ताह में आनी थी। इसी बीच आरोपी ने युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाकर सीधे दूल्हे तक पहुंचा दिया। इसके बाद दूल्हे पक्ष ने रिश्ता समाप्त कर दिया।
शादी टूटने के बाद पीड़िता उमरी बेगमगंज थाने पहुंची और प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार को पूरी घटना बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित साइबर अपराध की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी जगन्नाथ उर्फ मन्नन शर्मा, पुत्र राजकरण शर्मा, निवासी ग्राम अभईपुर थाना परसपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


