उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल का निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मौके पर बेली ब्रिज का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है, जो जल्द ही पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। साथ ही, स्थायी पुल के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता देते हुए आगामी 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुलों के मजबूत नेटवर्क को विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।


