उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य की वादियों में एक बार फिर बर्फ की चादर बिछ सकती है। मौसम विभाग ने 9 फरवरी से प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो पहाड़ फिर से बर्फ से ढके नजर आएंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 9 फरवरी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
वहीं मैदानी जिलों, विशेषकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। राज्य के अन्य जिलों में 11 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। अगर इस दौरान बारिश होती है, तो यह रबी फसलों समेत अन्य फसलों और फलों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है।


