उत्तराखंड में रविवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने नई टिहरी जा रहे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक उमेश कुमार के काफिले को हरिद्वार में पुलिस ने रोक दिया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद और विधायक उमेश कुमार बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ नई टिहरी के लिए रवाना हुए थे। पहले से कार्यक्रम की सूचना होने के कारण पुलिस ने हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर बैरिकेडिंग कर उनके काफिले को रोक दिया। इसके बाद दोनों नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत चली, जबकि समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
काफिला रोके जाने के बाद चंद्रशेखर आजाद और उमेश कुमार अपनी गाड़ियों से उतर गए और समर्थकों के साथ पैदल ही आगे बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें सीसीआर चौकी के पास दोबारा रोक लिया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की कड़ी नजर रही।
बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद चर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए टिहरी जा रहे थे। इस दौरान विधायक उमेश कुमार भी उनके साथ मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए काफिले को आगे बढ़ने से रोका गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


