हल्द्वानी। जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और नाबालिगों व आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस समेत अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने 15 से अधिक ठिकानों की जांच की और 14 से अधिक संदिग्ध महिला-पुरुषों को पूछताछ व सत्यापन के लिए रोका।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के साथ उनके पहचान संबंधी दस्तावेज और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की। वहीं होटल, गेस्ट हाउस और स्पा सेंटर संचालकों व कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि उनके परिसरों में नाबालिगों के शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या किसी अन्य अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में संचालित अथवा संरक्षण न दिया जाए।
पुलिस ने संचालकों को प्रत्येक ग्राहक और आगंतुक का नियमानुसार पहचान-पत्र सत्यापित करने तथा रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की हिदायत दी। इसके अलावा लाइसेंस, अनुमति और अन्य जरूरी दस्तावेजों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि चेकिंग के दौरान रिकॉर्ड, पहचान सत्यापन, लाइसेंस या अन्य जरूरी दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालक या कर्मचारी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, यदि किसी अवैध गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण अथवा जानबूझकर जानकारी छिपाने की पुष्टि होती है तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने संदिग्ध स्पा सेंटर, होटल और गेस्ट हाउस को चिन्हित कर उनकी निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक और आमजन की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी अचानक और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


