नैनीताल जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल बसों की सघन चेकिंग शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत भीमताल और भवाली क्षेत्र में दो स्कूल बसों में अनियमितताएं पाए जाने पर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में संचालित सभी स्कूल बसों की नियमित जांच के सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसी भी बस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा के नेतृत्व में भीमताल और भवाली क्षेत्र में कुल छह स्कूल बसों की जांच की गई।
जांच के दौरान सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे पाए गए, जिसे पुलिस ने संतोषजनक माना। हालांकि दो बसों में गंभीर खामियां सामने आईं—एक बस में मेडिकल किट उपलब्ध नहीं थी, जबकि दूसरी बस में रखी दवाइयां एक्सपायर पाई गईं।
इन दोनों मामलों को बच्चों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने संबंधित बसों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
नैनीताल पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


