उत्तराखंड में अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त कार्रवाई में उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मिलकर पंजाब के वांछित हथियार और ड्रग्स तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर से गिरफ्तार किया।
आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। उसे सोमवार तड़के केशवनगर इलाके से दबोचा गया।
ईशानप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
जांच में यह भी सामने आया है कि 23 मई 2026 को पंजाब में BSF और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त छापेमारी के दौरान वह अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया था। उस दौरान उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार और हेरोइन बरामद की गई थी, जिसमें 12 पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी।
बरामद हथियारों में बरेटा, जिगाना और मेड इन चाइना पिस्टल भी शामिल थीं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स मंगवाने वाले नेटवर्क से जुड़ा था।
सूचना मिलने पर उत्तराखंड एसटीएफ ने पंजाब पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और आरोपी को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे अपराधियों और तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


