उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते लगातार हो रहे हादसों के बीच शनिवार को हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक दुर्घटना हो गई। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर कटारपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सौरभ (24) पुत्र भरत सिंह निवासी बादशाहपुर अपने रिश्तेदार को हरिद्वार छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान फेरुपुर की ओर से राजा (26) पुत्र राजू निवासी पुरुषोत्तम नगर, पथरी बंगला हरिद्वार अपनी बाइक से आ रहा था। कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा और परिजनों को हादसे की सूचना दी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से थे। सौरभ के माता-पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि राजा का परिवार भी आर्थिक रूप से कमजोर है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों युवकों की मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच जारी है।


