हल्द्वानी: नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और स्वास्थ्य जागरूकता प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को वार्ड संख्या 36 में आयुष्मान आरोग्य केंद्र का उद्घाटन मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। यह केंद्र विशेष रूप से वार्ड 35, 36 और 37 के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किया गया है।
केंद्र में आने वाले नागरिकों को केवल उपचार ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता और रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम प्रतिदिन सामान्य बीमारियों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं नि:शुल्क प्रदान करेगी।
इसके अलावा, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की जाएगी, बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच आयोजित होगी, और हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप व कैंसर जैसी एनसीडी बीमारियों की प्राथमिक जांच व परामर्श भी उपलब्ध रहेगा।
मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हर नागरिक तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना और लोगों में निवारक स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह केंद्र सभी वर्गों के लिए पूरी तरह से खुला रहेगा और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
यह पहल राज्य और केंद्र सरकार की संयुक्त स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है, और इस केंद्र की सभी सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क होंगी।
शुभारंभ समारोह में मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, पार्षद वार्ड 36 तनुजा जोशी, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 37 हृदयेश कुमार, पूर्व प्रधान महेश जोशी, मंडल महामंत्री अरुण कुमार, मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा रोषपाल मौर्या, मीडिया प्रभारी पंकज अधिकारी, मीडिया संयोजक मुन्ना शुक्ला, वीरेंद्र बिष्ट, रक्षित शर्मा, डॉ. राहुल तोमर, नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्ट सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


