उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आ रही है। सोमवार को त्रिपुरादेवी में गंगोलीहाट विधानसभा के अंतर्गत पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से प्रचार अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता पंचायत चुनाव के प्रभारी इंद्र सिंह फर्सवाण और ललित पंत ने की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और कहा कि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख सहित सभी पदों पर भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और गांव-गांव जाकर प्रचार करने की अपील की।
इस दौरान विकास खंड बेरीनाग और गंगोलीहाट के 9 जिला पंचायत क्षेत्रों के लिए लगभग तीन दर्जन कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। थल सीट से 3, मरेला संगौड़ से 4, उडियारी से 6, पिपली चौखुना से 3 और गणाई व गंगोलीहाट क्षेत्र से भी कई कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
बैठक में मौजूद विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशियों के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है और इसके लिए हर कार्यकर्ता को मैदान में उतरना होगा।
इस अवसर पर गंगोलीहाट नगरपालिका अध्यक्ष विमल रावल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख खुशाल भंडारी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज कार्की, गणाई मंडल अध्यक्ष कैलाश पंत, गंगोलीहाट नगर मंडल अध्यक्ष शैलेश मेहता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोबाल, दीपक कार्की, दिनेश आर्य, रमेश बोरा, खड़क लाल शाह सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।