हल्द्वानी। टांडा रेंज क्षेत्र में हुए वनकर्मी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली क्षेत्र के टीपीनगर अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में हुई थी, जहां वन विभाग के रोपण रक्षक की हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक की पहचान मेवा लाल (50 वर्ष), निवासी अलीपुर जित्ता, जनपद कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर तैनात थे।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना से पहले उसने और मृतक ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिवारी सिंह (45 वर्ष), निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, हाल निवासी पीपलपड़ाव ब्लॉक, टांडा रेंज, हल्द्वानी के रूप में हुई है।


