उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा जारी आदेश के तहत कई निरीक्षकों और उप निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव में थानों के प्रभारियों का स्थानांतरण, चौकियों की कमान में बदलाव और महिला उप निरीक्षकों की तैनाती शामिल है।
प्रमुख फेरबदल के तहत निरीक्षक विनोद जोशी को कोतवाली द्वाराहाट, अशोक कुमार को चौखुटिया और मदन मोहन जोशी को सोमेश्वर का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक देवेन्द्र नेगी को पुलिस कार्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ और सूचना सैल का जिम्मा सौंपा गया है।
उप निरीक्षक स्तर पर दिनेश नाथ महंत को दन्या, अजेन्द्र प्रसाद को देघाट, सुनील सिंह बिष्ट को धौलछीना, प्रमोद पाठक को लमगड़ा और कश्मीर सिंह को सल्ट थाने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही अवनीश कुमार भतरौजखान और राहुल राठी को साइबर सैल/ANTF के प्रभार में तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा चौकियों में भी कई बदलाव हुए हैं। बलबीर सिंह को थाना सल्ट भेजा गया है, जबकि बृजमोहन भट्ट को चौकी ताड़ीखेत और मनोज कुमार को चौकी बेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
महिला उप निरीक्षकों में सरोज कंबोज को थाना सल्ट, मीना आर्या को द्वाराहाट और हेमा कार्की को लालकुर्ती, रानीखेत की चौकी का प्रभार सौंपा गया है।
ये सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी नई तैनाती पर कार्यभार तुरंत ग्रहण करें। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।