पुलिस कांस्टेबल को महिला सिपाही के साथ इश्क लड़ाना महंगा पड़ गया। कार में दोनों प्यार का इजहार कर ही रहे थे कि तभी महिला सिपाही का पति वहां आ पहुंचा। इसके बाद बखेड़ा शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सामने आई इस घटना की शिकायत करने पर कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
महिला के पति को जब इस बात की जानकारी हुई कि उसकी पत्नी सिपाही के साथ घूमने गई है, तो उसने इंतजार करना शुरू कर दिया। रात के समय जब महिला सिपाही और सिपाही कार में वापस लौटे और इश्क फरमा रहे थे, तो महिला के पति का गुस्सा फट पड़ा। दोनों के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई। सिपाही मौका देखकर वहां से भाग निकला और जाते-जाते महिला के पति को जान से मारने की धमकी दे गया।
महिला के पति ने सिपाही के खिलाफ सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर दी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही महिला ने भी अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
महिला के पति ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी रोज सिपाही से घंटों फोन पर बात करती थी। मना करने पर सिपाही उसे जेल भेजने की धमकी देता था। नए साल की पूर्व संध्या पर महिला सिपाही को घुमाने ले गया था। जब इसकी जानकारी पति को हुई, तो उसने मेहनौना घाट मंदिर के पास इंतजार करना शुरू किया। करीब रात 9 बजे, सिपाही और महिला कार से लौटे और वहां इश्क फरमाने लगे।
जब पति ने सिपाही और पत्नी से पूछताछ की, तो सिपाही भड़क गया और मारपीट करने लगा। इसके बाद डायल 112 और थानाध्यक्ष को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर पूछताछ की, तो महिला ने आरोप लगाया कि पति पर किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगा और इसके कारण दोनों के बीच करीब छह महीने से दूरी बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने सिपाही गिरजाशंकर वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ रुधौली, स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से गंभीर आरोप लगाए गए हैं और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।