उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर परेड ग्राउंड, देहरादून में ध्वजारोहण कर मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग के कई अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। वहीं, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यहित में 6 महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिनमें स्कूलों को गैस सिलेंडर व चूल्हा उपलब्ध कराना, जल संकट वाले क्षेत्रों में हैंडपंप लगाना, ग्राम प्रहरी व सैनिक कल्याण ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में वृद्धि, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु विशेष केंद्रों की स्थापना और हिमालयी ग्लेशियरों के अध्ययन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के समग्र विकास, आपदा प्रबंधन, पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने देश की प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद, विधायक, पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।