उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चारधाम यात्रा के दौरान टिहरी जिले के बदरीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर को पहले गुप्तकाशी के रास्ते देहरादून जाना था, लेकिन बाद में रूट बदलकर सीधे देहरादून जाने के निर्देश दिए गए। इसी दौरान चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब साढ़े नौ बजे हेलीकॉप्टर के पिछले हिस्से में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार फंस गया।
तार फंसते ही हेलीकॉप्टर अचानक अनियंत्रित होने लगा और हवा में तेज हिचकोले खाने लगा। इस दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन महिला पायलट अनुपमा चौधरी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।
हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बाद में सभी यात्रियों को सड़क मार्ग से देहरादून रवाना कर दिया गया।प्रशासन ने पायलट अनुपमा चौधरी की सूझबूझ और बहादुरी की सराहना की है, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।


