उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार खराब मौसम के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन होने से घोड़ा-खच्चर सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। वहीं, कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को सुरक्षा के मद्देनज़र धारचूला में रोक दिया गया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 19, 20 और 21 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 22 जुलाई को भी कुछ पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताते हुए लोगों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, जिला आपातकालीन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा भूस्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


