हल्द्वानी। जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आ रही है, भाजपा के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट अपने प्रतिद्वंदी से लगातार बढ़त बनाते दिखाई दे रहे हैं। उनकी नुक्कड़ सभाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, और उनका जन संपर्क भी तेजी से फैलता जा रहा है। भाजपा के मेयर प्रत्याशी रोजाना प्रचार अभियान में व्यस्त रहते हुए विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक, छात्र और कर्मचारियों संगठनों से मुलाकात कर उनका समर्थन प्राप्त कर रहे हैं।
आज गजराज सिंह बिष्ट ने पालम सिटी, जीतपुर नेगी वार्ड 56, गैस गोदाम चौराहा वार्ड 45, घूंघट बैंक्वेट हॉल बरेली रोड, निलियम कॉलोनी, शिवाजी कॉलोनी वार्ड 54 में रिकॉर्ड तोड़ नुक्कड़ सभाएं आयोजित कीं। इन सभाओं में उन्होंने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए, लोगों से भाजपा के चुनाव चिन्ह ‘कमल के फूल’ पर मुहर लगाकर जीत दिलाने की अपील की।
गजराज सिंह बिष्ट ने कहा, “हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र का कोई भी वार्ड विकास से अछूता नहीं रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी तो नगर निगम क्षेत्र के वार्ड तक नहीं पहुंच पाए हैं।” उन्होंने शिवाजी कॉलोनी में जलभराव की समस्या का समाधान बताते हुए कहा कि निवर्तमान मेयर और कालाढूंगी विधायक के प्रयासों से वहां सोख्ता निर्माण और इंटरलॉक टाइल्स से सड़क का नव निर्माण किया गया। इसके अलावा, धानमिल से निलियम कॉलोनी होते हुए बिड़ला स्कूल मार्ग तक सड़क निर्माण का कार्य भी भाजपा की सरकार ने किया।
गजराज सिंह बिष्ट ने आज युवा सम्मेलन में भी हिस्सा लिया और हल्द्वानी महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों से मुलाकात की। युवा सम्मेलन में भारी संख्या में छात्रसंघ अध्यक्षों ने अपनी पूरी ऊर्जा से गजराज सिंह बिष्ट को विजयी बनाने का संकल्प लिया।
गजराज सिंह बिष्ट ने दावा किया कि नगर निगम क्षेत्र में प्रचार अभियान के दौरान उन्हें जो अपार समर्थन मिल रहा है, वह भाजपा की नई विजय गाथा लिखने जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि इस बार वह अब तक के चुनावों में न देखे गए विजय के आंकड़े को छूने जा रहे हैं।
मेयर प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता हेमंत द्विवेदी, जोगेंद्र रौतेला, साकेत अग्रवाल, महेश शर्मा, मोहन पाठक, शशांक रावत, छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज रमोला, सौरभ बिष्ट, रश्मि लमगड़िया, गौरव कोरंगा, कुलदीप कुलयाल, नीरज मेहरा, जगदीश बिष्ट, दीपक सनवाल, वीरेंद्र बिष्ट, चंद्र प्रकाश तिवारी, कपिल व्यास, अलका जीना, अमित चौधरी और स्थानीय जनता की एक बड़ी संख्या मौजूद रही।