हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से गौलापार क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को दुग्ध खरीद के करीब ढाई करोड़ रुपये की धनराशि के साथ 22 लाख रुपये की बोनस राशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान उत्पादकों को दुग्ध संघ की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और सहयोग से दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने उत्पादकों से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए संघ की ओर से लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों के परिश्रम को प्रोत्साहित करने के साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने दुग्ध समितियों को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन मार्ग प्रभारी पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू, शांति कोरंगा सहित दुग्ध समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।


