नैनीताल। राज्य अतिथि गृह में गुरूवार को जिले के प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनोपयोगी योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे, और सरकार की योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
सचिव ने अधिकारियों से कहा कि स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता को योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
रीप परियोजना, पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना समेत अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की गई। सचिव ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार अवसर मिले, पंजीकृत होमस्टे का सत्यापन हो, और स्थानीय लोगों को योजनाओं का अधिकारिक लाभ मिल सके।
बाल विकास और शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि सभी नए प्राथमिक विद्यालय भवनों में आंगनबाड़ी केंद्र का समावेश होगा, बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण कराना सुनिश्चित किया जाएगा और STEM लैब में अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों का भ्रमण कराया जाएगा।
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा में 73 सामुदायिक शौचालयों के संचालन, पानी और सफाई व्यवस्था पर विशेष निर्देश दिए गए। सड़क, सीवरेज, पार्क और ब्लैक स्पॉट सुधार समेत अन्य बुनियादी ढांचे पर समयबद्ध और पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि वार्षिक कार्य योजना पहले से तैयार की जाए, और प्रत्येक कार्य में समय, गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


