उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन–नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
यह गरिमामयी समारोह देश के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, समाजसेवी, लेखक, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं दीं और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी कृति बताया। उन्होंने कहा कि ‘अपनापन’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में प्राप्त अनुभवों का सजीव वर्णन किया गया है, जो नेतृत्व, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें न केवल जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि युवाओं और समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।


