उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल को बड़ी रेल सौगात मिली है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जानकारी दी है कि आगामी 20 जून से लालकुआं से प्रयागराज के लिए नई साप्ताहिक रेल सेवा की शुरुआत की जा रही है। इस महत्वपूर्ण रेल कनेक्टिविटी को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
सांसद भट्ट ने बताया कि यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को लालकुआं से प्रयागराज के लिए रवाना होगी, जबकि हर गुरुवार को प्रयागराज से लालकुआं के लिए चलेगी। यह ट्रेन बरेली, कासगंज, फर्रुखाबाद और कानपुर होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी। यह सेवा न केवल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्राओं के लिहाज़ से भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज दर्शन के इच्छुक उत्तराखंडवासियों के लिए यह ट्रेन सुविधा लेकर आएगी। साथ ही प्रयागराज से लालकुआं आने वाले श्रद्धालुओं को नैनीताल, रानीखेत, अल्मोड़ा जैसे प्रसिद्ध पर्वतीय और धार्मिक स्थलों तक पहुँचने का बेहतर साधन मिलेगा।
श्री भट्ट ने कहा कि लंबे समय से वह इस रेल सेवा को शुरू करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री से पत्राचार कर रहे थे और अंततः उत्तराखंडवासियों को इसका लाभ मिलने जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्र और राज्य सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद किया।