हल्द्वानी में एक महिला के साथ फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद एक युवक ने शातिर तरीके से ठगी की। युवक ने खुद को महिला का रिश्तेदार बताया और फिर चाय पर बुलाने के बाद महिला के खाते से 80 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि धर्मेंद्र जोशी नामक व्यक्ति फेसबुक के माध्यम से उसके संपर्क में आया। उसने महिला से दोस्ती की और खुद को उसका रिश्तेदार बताते हुए भरोसा जीत लिया। 15 जनवरी को महिला ने धर्मेंद्र को सुबह 6:30 बजे चाय पर बुलाया। जब धर्मेंद्र महिला के घर पहुंचा, तो उसने मौका पाकर महिला के मोबाइल से अपने खाते में 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए और वहां से फरार हो गया।
जब महिला को इसकी जानकारी हुई, तो उसने तुरंत साइबर पुलिस के टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खाते को ट्रांसफर से पहले फ्रीज कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी अब उसे धमका रहा है और कह रहा है कि अगर उसका ब्लॉक खाता नहीं खुलवाया गया, तो वह पुलिस को यह बताएगा कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही है। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।