प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं, जहां वे दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से राजधानी देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी, जिससे लोगों का समय भी बचेगा।
यह अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तराखंड के आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने में अहम भूमिका निभाएगा। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस एक्सप्रेसवे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि दिल्ली से देहरादून की यात्रा अब पूरी तरह बदलने वाली है। इस वीडियो में एक्सप्रेसवे की विशेषताओं, चौड़ी सड़कों और तेज यातायात व्यवस्था को विस्तार से दिखाया गया है।
वीडियो की खास बात यह है कि इसमें पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। एक्सप्रेसवे के नीचे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए मार्ग बनाए गए हैं, जिनसे हाथी, हिरण, मोर सहित अन्य जानवर आसानी से गुजरते नजर आते हैं। यह पहल विकास और पर्यावरण संतुलन के बेहतर समन्वय का उदाहरण पेश करती है।
प्रधानमंत्री द्वारा साझा किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस परियोजना को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।


