लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच वो का मामला प्रकाश में आया है। जिसके चलते विवाद उत्पन्न हो गया और पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया।
मामला झारखंड का है। यहां रांची के कांके थाना क्षेत्र के पंडरा बनहोरा निवासी 25 वर्षीय शालिनी टोप्पो ने रविवार की शाम कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। शालिनी चान्हो सीएचसी में नर्स के पद पर कार्यरत थी। शालिनी ने जनवरी 2022 में रवि विकास तिर्की से प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद उसके पति का किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था।
परिवार के अनुसार, कुछ माह पहले इस विवाद को सुलझाने के लिए दोनों परिवारों ने बैठक की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। शनिवार को ड्यूटी के बाद शालिनी ने कीटनाशक पी लिया और मांडर मरियमटोली स्थित अपनी बहन के ससुराल गई। वहां उसने अपनी बहन को अपनी बैंक पासबुक, एटीएम और अन्य कागजात सौंपे और जहर पीने की बात बताई।
शालिनी की हालत बिगड़ने पर उसे मांडर मिशन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। शालिनी कांके थाना क्षेत्र के टंगराटोली बाजारटांड़ निवासी सुनील टोप्पो की पुत्री थी।